अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस के अवसर पर जानें परिवार की महत्ता



जो दिन परिवार के साथ बीते वो ज़िन्दगी, 
और जो दिन परिवार के बिना बीते वो उम्र........

आज 15 मई के दिन को विश्व भर में अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। परिवार जोकि इंसान के जीवन का मूल आधार है और जिसके बिना बेहतर समाज के निर्माण का स्वप्न अधूरा है। ऐसे में दुनिया अभी जिस दौर से गुज़र रही है ऐसे में परिवार की अहमियत और बढ़ जाती है। एक ओर जहां कुछ समय पहले तक हमारे पास परिवार के पास बैठने का भी वक्त नहीं होता था तो वहीं आज घर-घर में सब लोग साथ बैठकर लूडो खेल रहे है, साथ टीवी देख रहे है इतना ही नहीं एक दूसरे को समझ रहे है और साथ समय बीता रहे है, जिससे पता लगता है कि परिवार ही इस समाज की वो कड़ी है जो सबको बांधे रखती है.......परंतु आज के समय में परिवार का विघटन आम बात हो गई है, ऐसे में परिवार ना टूटे और वह अपना महत्व ना खोए, इसके लिए आज के दिन को अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस के रूप में मनाया जाता है। आपको बता दें कि यूनाइटेड नेशन्स जनरल असेंबली ने 1993 में इस दिवस को मनाने की घोषणा की थी। जिसका मूल उद्देश्य लोगों को परिवार के प्रति जागरूक कराना है।


'इंटरनैशनल डे ऑफ फैमिलीज़' पहली बार 1996 में मनाया गया था। इस दौरान यूनाइटेड नेशन्स के महासचिव ने प्रत्येक वर्ष अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस अलग अलग थीम से मनाए जाने को कहा था। इस साल अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस 2020 का थीम है “Families in Development: Copenhagen & Beijing + 25” लेकिन आज सम्पूर्ण विश्व COVID-19  के संकट से जूझ रहा है तो ऐसे में हमें समाज के सभी वर्गों को समानता देने पर पुनर्विचार करने की आवश्यकता है। ऐसा करने पर ही हम परिवार नाम की संस्था को जीवित रख सकते है।

- अनुकृति प्रिया 
(संपादक- अंशिका जौहरी)

Comments